बसुई नदी पर पुल की मांग को लेकर चार दिन से अनशन पर छात्र आशीष
Gen Z छात्र ने संभाली आंदोलन की कमान, सांसद प्रिया सरोज से मौके पर पहुंचकर आश्वासन देने की मांग; समर्थन में करीब 50 ग्रामीण अनशन पर डटे
जौनपुर। जनपद की ग्राम पंचायत अड़ियार (नहरपुर) से बसुई नदी होते हुए दुर्जनपुर, जिला वाराणसी को जोड़ने वाले मार्ग पर पुल निर्माण की मांग को लेकर 12वीं कक्षा के छात्र आशीष यादव पिछले चार दिनों से नदी किनारे सत्ती माई के स्थान पर अनशन पर बैठे हैं। छात्र के आंदोलन को ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है। करीब 50 महिला, पुरुष और बच्चे अनशन स्थल पर डटे हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बसुई नदी पर पुल बनने से दो जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अड़ियार (नहरपुर) क्षेत्र के ग्रामीणों का वाराणसी जिले से आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद के मौके पर आने तक अनशन जारी रखने का ऐलान
Gen Z पीढ़ी से ताल्लुक रखने वाले छात्र आशीष यादव ने मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज से मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनने और पुल निर्माण का आश्वासन देने की मांग की है। आशीष का कहना है कि जब तक सांसद स्वयं मौके पर आकर पुल निर्माण को लेकर आश्वासन नहीं देतीं, तब तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
आशीष ने बताया कि क्षेत्र के छात्रों को वाराणसी जिले में पढ़ाई के लिए जाने में करीब आठ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर कोचारी मार्ग से होकर जाना पड़ता है। बसुई नदी पर पुल बन जाने से नदी पार करते ही सीधे वाराणसी जिले में प्रवेश हो जाएगा और विद्यार्थियों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
धौंकलगंज बाजार की दूरी भी होगी कम
ग्रामीणों के मुताबिक बसुई नदी पर पुल नहीं होने के कारण धौंकलगंज बाजार जाने के लिए भी छह से आठ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब तीन किलोमीटर रह जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि पुल न होने से लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
सांसद के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी
पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों में सांसद प्रिया सरोज के प्रति भी नाराजगी दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सांसद बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र को पर्याप्त समय नहीं दिया और विकास के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कराया। ग्रामीणों का कहना है कि बसुई नदी पर पुल की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इस संबंध में सांसद प्रिया सरोज से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। सांसद पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
अनशन में सुंदर यादव, बेदी यादव, मनोज यादव, नीरज यादव, राहुल यादव, राजेश यादव (पूर्व ग्राम प्रधान), अच्छेलाल, दीपक यादव, सुशील यादव, तिलकधारी यादव, अरविंद यादव, राजेंद्र यादव, रिंकी यादव, सोनी यादव और निशु सहित करीब 50 ग्रामीण महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हैं।
























