बलिया में भृगु कॉरिडोर का भूमि पूजन; 100 करोड़ से संवरेगा ऐतिहासिक मंदिर
दयाशंकर सिंह ने रखी भृगु कॉरिडोर की नींव; दो चरणों में बदलेगा मंदिर परिसर
संजीव सिंह बलिया। महर्षि भृगु की तपोभूमि बलिया में रविवार को ऐतिहासिक भृगु मंदिर के कायाकल्प की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। परिवहन मंत्री एवं बलिया सदर विधायक दयाशंकर सिंह ने संत-महात्माओं और गणमान्यों की मौजूदगी में विधि-विधान से भूमि पूजन कर ‘भृगु कॉरिडोर’ परियोजना की शुरुआत की।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी के बाद मार्च में स्वीकृत इस परियोजना का बजट करीब 100 करोड़ रुपये है, जिसमें प्रथम चरण के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कॉरिडोर के तहत भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, परिसर का विस्तार, सौंदर्यीकरण, चौड़े रास्ते और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि मंदिर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे।
कार्यक्रम के सामाजिक पक्ष के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा सप्ताह में विधानसभा क्षेत्र के 75 शक्ति केंद्रों से आईं 81 महिला लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। टघरौली की कविता देवी (शौचालय योजना), हनुमानगंज ब्लॉक की निर्मला देवी (प्रधानमंत्री आवास), कदम चौराहा की रूपा सिंह (आवास व उज्ज्वला) और दुबहड़ की कुसुम पाठक (योजनाओं में जागरूकता) समेत कई महिलाओं को नारियल, स्मृति चिन्ह और साड़ी देकर सम्मानित किया गया।
भूमि पूजन के बाद आयोजित भव्य महाआरती में वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने महर्षि भृगु के जयकारे लगाए। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार बलिया ‘भृगु क्षेत्र’ के नाम से प्रसिद्ध रहा है; गंगा तट पर महर्षि भृगु की तपस्या और भृगु संहिता से जुड़ी परंपराएं यहां की धार्मिक पहचान का हिस्सा हैं।
परियोजना पूरी होने पर न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय कारोबारियों और दुकानदारों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। भृगु कॉरिडोर में सप्त ऋषियों की आर्ट गैलरी भी लगाई जाएगी, जिससे आस्था के इस केंद्र को सांस्कृतिक-शैक्षणिक आयाम भी मिलेगा।
























