राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को रवाना हुआ प्रचार वाहन, 12 सितंबर को मिलेगा मामलों के निस्तारण का अवसर
लखनऊ। राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन एवं पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने वाहनों को रवाना करते हुए आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय लखनऊ सहित पारिवारिक न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण, उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, स्थायी लोक अदालत, श्रम न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, कलेक्ट्रेट तथा जनपद की समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रचार वाहन एवं पीआरवी वैन को रवाना किया गया है। ये वाहन लखनऊ की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों एवं दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचकर लोक अदालत के उद्देश्यों, प्रक्रिया और इसके लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।
पुराने मुकदमों के निस्तारण का सुनहरा अवसर
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने लखनऊ के नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराकर वर्षों से चल रहे मुकदमों और अदालती चक्करों से राहत पाने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त/नोडल अधिकारी किरन यादव, न्यायिक एवं प्रशासनिक कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक तथा पैनल अधिवक्ता उपस्थित रहे।
























