बच्चों में होती हैं अद्भुत क्षमताएं, सही मार्गदर्शन से निखारें प्रतिभा : नरदेव शर्मा
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
बदायूं। न्यायपंचायत बसंतनगर के प्राथमिक विद्यालय बरायमयखेड़ा में शुक्रवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, बाल कविता, भाषण, डिक्टेशन एवं वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शिक्षक नरदेव शर्मा ने कहा कि बच्चों में अद्भुत क्षमताएं होती हैं। आवश्यकता है कि उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित एवं श्रेष्ठ मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि वे भविष्य में राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।
शिक्षक सचिन उपाध्याय एवं मीनाक्षी देवी ने प्रतियोगिताओं के विजेता अना, उमेश, अनुभव, तेजेश, चांदनी, पल्लवी, ज्योति, अनस, अनुराधा सहित अन्य बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शिक्षक बृजपाल सिंह ने बताया कि न्यायपंचायत स्तर पर विजेता बच्चे 15 सितंबर को आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास, ज्ञान और रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में बृजपाल सिंह, फराह बकार, तौहीद खान, अफजल, नीलम सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।
























