बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे मंडलायुक्त, हालात का लिया जायजा
भुण्डी में ग्रामीणों से किया संवाद, राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा; अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
बदायूं। बरेली मंडल के मंडलायुक्त शंभू कुमार ने गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील दातागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ग्राम भुण्डी पहुंचे और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने ग्राम रहपुरा एवं कदम नगला में बाढ़ की वर्तमान स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फिलहाल बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है और नदी आबादी क्षेत्र से दूर है। कुछ स्थानों पर कटान की स्थिति सामने आई थी, जिस पर बाढ़ खंड द्वारा आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया गया है।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री, बाढ़ चौकियों और शरणालयों की तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि पशुओं की देखभाल के लिए पशुपालन विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान मंडलायुक्त ने उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम दातागंज विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड उमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























