जय कन्हैया लाल की जयघोष से गूंजा मंदिर, लड्डू गोपाल का छठी उत्सव धूमधाम से मनाया
लिंगेश्वर नाथ महादेव दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में कढ़ी-चावल व पूड़ी-सब्जी का भोग, भक्तों में बांटा प्रसाद
बदायूं। मढ़ई चौक स्थित चाहमीर मोहल्ले के प्रसिद्ध लिंगेश्वर नाथ महादेव दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का छठी उत्सव पर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर के पुजारी धनीराम मिश्रा ने विधि-विधान से लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना एवं आरती की। इसके बाद भगवान को कढ़ी-चावल तथा पूड़ी-सब्जी का भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
छठी उत्सव के दौरान मंदिर परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” तथा “बाल गोपाल लड्डू गोपाल की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
प्रसाद वितरण एवं व्यवस्था में स्वप्निल रस्तोगी, रवि रस्तोगी, जयंत रस्तोगी, बिल्लू रस्तोगी और अनिल वर्मा का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, प्रियांशु मिश्रा, राजकुमार मौर्य, रितेश रस्तोगी, तुषार रस्तोगी, गोपाल पांडे, वैभव सक्सेना, रिया सक्सेना, शिवम, कुशाग्र, राघव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
























