बदायूँ।गौकशी की दूसरी वारदात से पहले पुलिस ने घेरा, गोलियों से गूंजा ककराला-उसहैत रोड

गौकशी की दूसरी वारदात से पहले पुलिस ने घेरा, गोलियों से गूंजा ककराला-उसहैत रोड

घिरते ही गौकश ने पुलिस पर दागे तीन राउंड, हेड कांस्टेबल के हाथ में लगी गोली; जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में गोली लगने के बाद दबोचा गया

बदायूं/अलापुर। गौकशी की वारदात के बाद दूसरी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े एक आरोपी की मंगलवार को अलापुर पुलिस से मुठभेड़ हो गई। ककराला-उसहैत रोड पर पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी ने बच निकलने के लिए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर कर दिए। गोलीबारी में हेड कांस्टेबल शिववीर के दाहिने हाथ में गोली लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की तो आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तनहीर पुत्र आशिक अली, निवासी ग्राम गौरामई, थाना अलापुर के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, चार जिंदा कारतूस, छुरा और रस्सी बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना ने खोल दिया पूरा खेल

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर ने सूचना दी कि ककराला-उसहैत रोड पर भट्ठे से करीब 250 मीटर आगे एक शातिर गौकश किसी दूसरी गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही अलापुर पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।

पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार उसने जान से मारने की नीयत से तीन राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल शिववीर के दाहिने हाथ में लगी और वह घायल हो गए।

जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में लगी गोली

पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से आरोपी दोनों पैरों में घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके पास से अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए।

घायल आरोपी तनहीर और हेड कांस्टेबल शिववीर को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पिछली रात ही बछड़े की गौकशी का दावा

पुलिस पूछताछ में आरोपी तनहीर ने कथित तौर पर बताया कि 7 सितंबर की रात उसने अपने साथी जुम्मन और अपने भाई के साथ गौरामई गांव के जंगल में घूम रहे गौवंशीय बछड़े को पकड़कर गौकशी की थी। पुलिस अब आरोपी के बताए साथियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

चोरी के मुकदमों का भी रहा है इतिहास

पुलिस के अनुसार तनहीर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2013 में थाना उसहैत में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित दो मामले दर्ज रहे हैं। अब गौकशी और अवैध हथियार से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *