एनएच-731बी का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, ओवरब्रिज जल्द पूरा करने के निर्देश।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक क्षेत्र से होकर गुजरने वाले दुर्गागंज-भदोही-मछलीशहर मार्ग पर निर्माणाधीन एनएच-731बी का गुरुवार को उच्चाधिकारियों ने निरीक्षण किया। भारत सरकार के एडीजी सुदीप चौधरी तथा क्षेत्रीय अधिकारी एवं मुख्य अभियंता लखनऊ आशीष अस्थी ने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था से संबंधित बिंदुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सुरियावां और जंघई में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने से इस मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा महुआपुर के पास सड़क की सीमा में आ रहे मकानों को नियमानुसार हटाने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े अवरोधों को नियमों के तहत दूर कर यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से शुरू कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्सों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द पूरा किया जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस मौके पर एनएच पी डब्लू डी मिर्जापुर अधिशासी अभियंता मृत्युंजय यादव समेत और अन्य संबंधित अधिकारी के साथ मौजूद रहे।
























