बाढ़ पीड़ित 490 परिवारों को बांटी राहत सामग्री, विधायक बोले—आपदा की घड़ी में हर परिवार के साथ खड़ी है सरकार
दातागंज/बदायूं। जनपद की दातागंज विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सोमवार को राहत सामग्री वितरण अभियान चलाया गया। विकासखंड म्याऊं के ग्राम मौजमपुर और विकासखंड दातागंज के ग्राम नवादा बदन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ की मौजूदगी में कुल 490 बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री किट वितरित की गई।
मौजमपुर में 300 और नवादा बदन में 190 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री दी गई। इस दौरान विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई भी परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
विधायक ने प्रशासन को प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और पशुओं के चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी दातागंज, तहसीलदार दातागंज, क्षेत्रीय कानूनगो, लेखपाल एवं अन्य राजस्व कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























