दिवंगत राजेश कोइरी के परिजनों से मिले विधायक बब्बू भईया, आवासीय पट्टा और पीएम आवास दिलाने के दिए निर्देश
दातागंज (बदायूँ)। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दातागंज निवासी राजेश कोइरी के असामयिक निधन पर विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भईया’ ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। राजेश कोइरी का आपसी विवाद के बाद हृदय गति रुकने से निधन हो गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक परिजनों के बीच पहुंचे और दिवंगत की माता जी सहित शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सामाजिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव और क्षेत्रीय लेखपाल से कहा कि पीड़ित परिवार को आवासीय पट्टा आवंटित करने की प्रक्रिया बिना विलंब पूरी की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने के लिए आवश्यक विधिक प्रक्रिया भी तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी दातागंज, ग्राम पंचायत सचिव, क्षेत्रीय लेखपाल, अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। विधायक के इस कदम से परिजनों को प्रशासनिक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।
























