आपसी कलह से टूटते 3 परिवारों को बदायूं पुलिस ने फिर जोड़ा
परिवार परामर्श केंद्र में 49 मामलों की सुनवाई, 32 की काउंसलिंग और 3 मामलों में हुआ समझौता
बदायूं। आपसी कलह और पारिवारिक मतभेद के कारण बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ने की दिशा में बदायूं पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक समस्याओं से संबंधित कुल 49 फाइलें रखी गईं। काउंसलरों और पुलिस कर्मचारियों ने संबंधित पक्षों को आमने-सामने सुनकर उनकी समस्याओं को समझा और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया।
इस दौरान 32 फाइलों में काउंसलिंग की गई, जबकि 3 मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। वहीं 11 फाइलें निरस्त की गईं तथा शेष मामलों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।
परामर्श केंद्र में काउंसलर गिरधारी सिंह राठौर, सुषमा कथूरिया, नाजमा बरकाती और एसडी शर्मा के साथ संबंधित पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। महिला हेड कांस्टेबल कुमुद (प्रभारी), महिला कांस्टेबल राखी और महिला कांस्टेबल संध्या ने भी मामलों की काउंसलिंग एवं आवश्यक कार्रवाई में सहयोग किया।
समझौते के बाद परिवारों को आपसी प्रेम, विश्वास और सामंजस्य के साथ आगे बढ़ने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। परिवार परामर्श केंद्र की पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि संवाद और समझदारी के जरिए पारिवारिक विवादों को सुलझाकर रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है।
























