रेलवे ओवरहॉलिंग एवं मरम्मत कार्य के चलते 29 अगस्त से बदायूँ-घटपुरी मार्ग12 घंटे बंद रहेगा मार्ग, वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
बदायूँ। बदायूँ-घटपुरी मार्ग पर स्थित समपार संख्या-270ए, मध्य स्टेशन बदायूँ-घटपुरी (मलगांव) पर रेलवे द्वारा ओवरहॉलिंग एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके चलते इस मार्ग पर सड़क यातायात निर्धारित अवधि के लिए बंद रहेगा।
वरिष्ठ खंड अभियंता/रेलपथ, पूर्वोत्तर रेलवे सुमित शेखर ने बताया कि 29 अगस्त 2026 की रात 8 बजे से 30 अगस्त 2026 की सुबह 8 बजे तक बदायूँ-घटपुरी मार्ग पर आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान समपार संख्या-270ए पर आवश्यक ओवरहॉलिंग एवं मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
मार्ग बंद रहने के कारण वाहन चालकों और आमजन की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग से आवागमन की व्यवस्था की गई है। बदायूँ-घटपुरी मार्ग से यात्रा करने वाले वाहन चालकों से निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने की अपील की गई है।
अधिकारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मार्ग बंद रहने के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
























