श्रावण पूर्णिमा पर बदायूँ में 24 घंटे रहेगा यातायात डायवर्जन, कछला-अटैना घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत
बदायूँ। श्रावण पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व के अवसर पर कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बदायूँ पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 27 अगस्त की रात 8 बजे से 28 अगस्त की रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
डायवर्जन के तहत बदायूँ से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान की ओर जाने वाले हल्के, मध्यम एवं भारी वाहनों को उझानी बाईपास, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला होते हुए अलीगढ़ की ओर भेजा जाएगा।
वहीं, बदायूँ से कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए नौशेरा तिराहा, थाना सिविल लाइन, थाना कादरचौक और गंजडुंडवारा होकर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
मुजरिया चौराहे से कछला होते हुए कासगंज की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह सहसवान के कछला रोड से कछला होते हुए कासगंज की ओर भी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
इन स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी
यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और कछला रोड सहसवान पर पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी।
श्रद्धालुओं के वाहनों पर लागू नहीं होगा डायवर्जन
पुलिस के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था कछला एवं अटैना घाट पर गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर लागू नहीं होगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का ही इस्तेमाल करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन का उद्देश्य गंगा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
























