मुख्यमंत्री के 29 अगस्त के बलिया दौरे की तैयारियां तेज़, डीएम-मुख्य अधिकारी स्थल का ऑडिट कर लौटे
संजीव सिंह बलिया। मुख्यमंत्री के 29 अगस्त को प्रस्तावित बलिया दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बांसडीह तहसील क्षेत्र के गलाफरपुर स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की बैठकों, स्वागत व्यवस्था, यातायात प्रवंध, सुरक्षा और हेलिपैड निर्माण समेत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मौके पर चल रहे निर्माण और व्यवस्थागत कार्यों को समय से पूरा करने और तमाम व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिये गये।
डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा और कहा कि कार्यक्रम की समयसीमा के अनुसार सभी काम पूर्ण हों। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरतने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश दिये। उन्होंने आगंतुकों की सुरक्षा व सार्वजनिक द्वारों पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश भी दिया।
जिला प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित व सफल तरीके से सम्पन्न कराना बताया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम, सीआरओ, सीडीओ, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, तहसीलदार व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
























