बदायूँ।ईद-ए-मिलादुन्नबी पर बदायूं में निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी, सांसद आदित्य यादव ने दी मुबारकबाद

ईद-ए-मिलादुन्नबी पर बदायूं में निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी, सांसद आदित्य यादव ने दी मुबारकबाद

बदायूं।ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बुधवार को संसदीय क्षेत्र बदायूं में जुलूस-ए-मुहम्मदी अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने जुलूस में शामिल होकर अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया और सभी को ईद-ए-मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर सांसद आदित्य यादव ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का मुबारक दिन मोहब्बत, भाईचारे, अमन, इंसाफ और इंसानियत का पैगाम देता है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ने पूरी इंसानियत को आपसी प्रेम, शांति, सद्भाव और जरूरतमंदों की मदद का रास्ता दिखाया। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बदायूं की गंगा-जमुनी तहजीब सदियों से देश के सामने मिसाल रही है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। यही आपसी प्रेम और भाईचारा समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इस विरासत को हर हाल में कायम रखना चाहिए।

सांसद ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का भी अवसर है। समाज में नफरत और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए तथा हर व्यक्ति के साथ प्रेम, सम्मान और इंसानियत का व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को सबसे ज्यादा जरूरत मोहब्बत और भाईचारे की है। एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहारा बनकर ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। यही देश की खूबसूरती और गंगा-जमुनी संस्कृति की पहचान है।

जुलूस के दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक आबिद रजा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव, फखरे अहमद शोवी, विधायक हिमांशु यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, डॉ. शकील, नगर अध्यक्ष सफीर उद्दीन उर्फ मिल्की, विधानसभा अध्यक्ष अतुल पटेल सहित सपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *