आजमगढ़।कंधरापुर पुलिस की कार्यशैली पर भाजपा नेता ने खोला मोर्चा, सीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग

कंधरापुर पुलिस की कार्यशैली पर भाजपा नेता ने खोला मोर्चा, सीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना पुलिस की कार्यशैली को लेकर अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने कंधरापुर पुलिस की कथित कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हरिवंश मिश्र का आरोप है कि कंधरापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मियों की कथित मनमानी और कार्यशैली से क्षेत्र की जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शासन की पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था में जनता का विश्वास कायम रहे।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की शिकायतों पर समुचित जांच किए बिना मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, पीड़ितों की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने और कथित धनउगाही के आरोप भी उन्होंने लगाए हैं। उनका यह भी आरोप है कि वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को नजरअंदाज कर निर्दोष लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

अपनी शिकायत के समर्थन में हरिवंश मिश्र ने क्षेत्र से जुड़े कई मामलों का उल्लेख किया है। इनमें 17 अगस्त की रात चोरी के प्रयास का मामला, मड़या गांव में मारपीट एवं उपचार से जुड़ा प्रकरण, मंदुरी बाजार में एक गरीब व्यक्ति पर कथित हमला तथा बर्जी गांव का जमीन अथवा आपसी विवाद शामिल है।

हरिवंश मिश्र ने कहा कि योगी सरकार में भ्रष्टाचार और पुलिस की मनमानी को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंधरापुर पुलिस की कथित मनमानी पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो वह जनता के न्याय के लिए सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कंधरापुर थाने से जुड़े मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्दोष लोगों को राहत देने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर पुलिस पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *