बदायूँ।कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने कछला घाट व मार्ग का किया निरीक्षण

कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने कछला घाट व मार्ग का किया निरीक्षण

‘जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के लक्ष्य के साथ सुरक्षा व्यवस्था परखी, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कछला गंगा घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं सतर्क रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें तथा श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीन कुमार, कछला चौकी प्रभारी अविनाश पुंडीर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *