हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया नमन
बदायूं। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अवनीश राय ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्थल पर जिलाधिकारी समेत अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। अधिकारियों ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान भी हुआ।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि देश की आजादी के पीछे हमारे पूर्वजों का महान त्याग और बलिदान है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने पद और दायित्व के अनुरूप देश की गरिमा बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व और शहीदों के बलिदान से परिचित कराना जरूरी है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लंबे और कठिन संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली तथा संविधान लागू हुआ। प्रत्येक नागरिक को अमर शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए देश के उत्थान में योगदान देना चाहिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता के कारण ही आज लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बच्चों को वीर सपूतों की वीरगाथाएं सुनाने और उनके नाम पर दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी ने कहा कि नागरिकों को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह, जिला राजस्व अधिकारी अनुराग सिंह और डिप्टी कलेक्टर सुरेन्द्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
विकास भवन में भी गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के प्रति श्रद्धा, एकता, गौरव और जिम्मेदारी का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराता है।
सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र कुमार, डीसी मनरेगा मानसिंह सक्सेना, डीसी एनआरएलएम अजय प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार कुलश्रेष्ठ समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शहर में भी हुए विभिन्न कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका परिषद बदायूं में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर शहर के प्रमुख चौराहों पर रंगोली बनाई गई और प्रभात फेरी निकाली गई। कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्मारक समेत सुभाष चौक, अंबेडकर पार्क, गांधी ग्राउंड, शास्त्री चौक, नेहरू चौक, भामाशाह चौक, भगत सिंह चौक, पटेल चौक, भगवान परशुराम चौक और रानी लक्ष्मीबाई चौक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
गांधी जन्मशती नेत्र चिकित्सालय और बदायूं क्लब में भी ध्वजारोहण हुआ। लोची नगला में श्रमदान किया गया, जबकि जिला चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला कारागार में फल वितरित किए गए। शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ खेलकूद, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। कमजोर वर्ग की बस्तियों में टीकाकरण अभियान भी चलाया गया। जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
























