सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन
देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
रसड़ा, बलिया। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति गीतों और नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके बाद वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं प्रभावशाली मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के विशिष्ट अतिथि सुधीर मिश्रा एवं सरबजीत सिंह, विद्यालय निदेशक अखिलेश सिंह और इंदिरा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल किताबी सफलता तक सीमित न रहें, बल्कि अनुशासन, सत्यनिष्ठा, करुणा और सामाजिक दायित्व जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि “नवभारत के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।” उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों की खूब वाहवाही बटोरी और समारोह में देशप्रेम की भावना को और प्रबल किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं जलपान वितरित किया गया। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
























