बदायूं पुलिस ने जीती एलार्म एफीसिएन्सी रेस, बरेली रही दूसरे स्थान पर
51वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स एवं एलार्म एफीसिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया शुभारम्भ
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन्स, बदायूं के परेड ग्राउंड में बुधवार को 51वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स (रायफल, रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग) एवं एलार्म एफीसिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में बरेली जोन के अमरोहा और बिजनौर को छोड़कर अन्य जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत एलार्म एफीसिएन्सी रेस से हुई। इसमें पुलिसकर्मियों ने शारीरिक दक्षता, साहस, संतुलन और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित बाधाओं को पार किया।
बदायूं की असॉल्ट टीम ने 10 मिनट 16 सेकंड में सभी बाधाएं पार कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बरेली की टीम ने 15 मिनट 10 सेकंड में रेस पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। निर्धारित बाधाओं को सफलतापूर्वक पूरा न कर पाने वाली अन्य प्रतिभागी टीमों को प्रतियोगिता से डिसक्वालीफाई कर दिया गया।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रतिभागी पुलिस टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और कर्तव्य के प्रति तत्परता को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन/नगर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेषनाथ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्योति सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























