बदायूँ।सीडीओ ने दिए पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

सीडीओ ने दिए पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पुस्तकालय से संबंधित जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) की बैठक आयोजित हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पुस्तकालयों में उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी दी जाए तथा उन्हें बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम-2025 से संबंधित बैठक भी विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, सचिवों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए कि कार्ययोजना के आधार पर कार्यों को सही ढंग से एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक एवं ग्राम पंचायतों में जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने तथा योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जॉब कार्डों का सत्यापन कराया जाए तथा पात्र लाभार्थियों का ही चयन कर जॉब कार्ड बनाए जाएं। जॉब कार्ड के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, सचिवों  को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगन, मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कार्यों में लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *