बिल्सी पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ युवक को दबोचा
14 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा, आरोपी न्यायालय में पेश
बदायूं। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिल्सी पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का महज 14 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को ग्राम बागरपुर सागरपुर निवासी राहुल ने बिल्सी के मुख्य बाजार से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना बिल्सी पुलिस ने 14 अगस्त को बिल्सी-मुजरिया रोड पर मुकईया पुल के पास से लोकेश पुत्र विजयभूप, निवासी ग्राम मिश्रीपुर मुकईया, थाना मुजरिया, बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सचिन कुमार शामिल रहे।
























