भदोही।गैस सिलेंडर की लिमिट नहीं बढ़ने से एमडीएम बनाने में दिक्कत।

गैस सिलेंडर की लिमिट नहीं बढ़ने से एमडीएम बनाने में दिक्कत।

शरद बिंद 

दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय अमिलहरा में गैस सिलेंडर की निर्धारित संख्या की लिमिट नहीं बढ़ने से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने में रसोइयों और स्कूल प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय में 266 बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि उपलब्ध गैस सिलेंडर की क्षमता के अनुसार ईंधन की समस्या बनी रहती है।

प्रधानाध्यापक बलवंता प्रसाद बिंद ने बताया कि विद्यालय में गैस सिलेंडर करीब तीन से चार दिन ही चल पाता है। सिलेंडर की लिमिट बढ़ाने के लिए कई बार खंड शिक्षा अधिकारी के स्तर से संबंधित गैस एजेंसी को पत्र भेजकर अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन अभी तक अतिरिक्त सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

विद्यालय में सामान्य दिनों में एमडीएम तैयार करने के लिए लकड़ी का भी इस्तेमाल कर लिया जाता है। हालांकि, बरसात के मौसम में लकड़ी गीली हो जाने के कारण उसे जलाना मुश्किल हो जाता है। इससे रसोइयों को भोजन पकाने में काफी समय लग रहा है और उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि बच्चों की संख्या के अनुपात में गैस सिलेंडर की लिमिट बढ़ाई जाए, ताकि एमडीएम तैयार करने में किसी तरह की बाधा न आए। इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक मनोज पाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल कार्पोरेशन को हमने लेटर भेज दिया है लेकिन वहां से अधिकारियों द्वारा अप्रूवल नहीं दिया जा रहा है जिसकी वजह से परेशानी आ रही है और बताया गया कि अप्रैल महीने का दिया गया अभी आवेदन अभी तक अप्रूव नहीं हुआ है।

इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले को दिखाया जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *