डेयरी कॉन्क्लेव में 28 लाभार्थियों को मिले चयन-पत्र, पशुपालन को आय का सशक्त माध्यम बनाने पर जोर
बदायूँ।विकास भवन सभागार में दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद स्तरीय एक दिवसीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों को चयन-पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर दुग्ध उत्पादन एवं वैज्ञानिक पशुपालन को आय का सशक्त माध्यम बनाने का आह्वान किया।
कॉन्क्लेव में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी नन्द बाबा दुग्ध मिशन सहित अन्य जनपदीय अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र उझानी के विशेषज्ञ डॉ. रोशन सिंह ने लाभार्थियों को उन्नत डेयरी प्रबंधन, वैज्ञानिक पशुपालन तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही पशुपालन को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
























