यूनियन बैंक से निकाले ₹40 हजार लेकर लौट रहे प्रधानाध्यापक का बैग उचक्कों ने उड़ाया
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कस्बे में दिनदहाड़े उचक्कों ने कंपोजिट विद्यालय नादौली के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निशाना बनाते हुए ₹40 हजार नकद से भरा बैग छीन लिया। बैग में नकदी के अलावा चेकबुक और विद्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कंपोजिट विद्यालय नादौली के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपाल राम बुधवार को रसड़ा स्थित यूनियन बैंक से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) मद के लिए ₹40,000 की नकदी निकालकर विद्यालय लौट रहे थे। जैसे ही वे प्यारेलाल चौराहे के पास पहुंचे, बाइक सवार उचक्कों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बैंक से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बदमाश बाइक पर सवार थे और वारदात के बाद तेज रफ्तार से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
प्रधानाध्यापक गोपाल राम ने बताया कि घटना के समय वे अकेले थे। उन्होंने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक उचक्के भाग चुके थे। उन्होंने पुलिस से नकदी और जरूरी दस्तावेज बरामद कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने मामले के जल्द खुलासे का भरोसा दिलाते हुए बैंक अधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने भी भविष्य में बड़ी नकदी के सुरक्षित परिवहन को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर विचार शुरू कर दिया है।
























