बदायूँ।अटैना घाट पहुंचे डीएम-एसएसपी, कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अटैना घाट पहुंचे डीएम-एसएसपी, कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और सुविधाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बदायूँ। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को थाना उसहैत क्षेत्र के अटैना घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

अधिकारियों ने घाट पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीआरएफ टीम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

निरीक्षण के समय थाना प्रभारी उसहैत देवेन्द्र कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *