सावन में कांवड़ियों की सुविधा के लिए चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान ने कराई विशेष सफाई व्यवस्था
नगर पंचायत उसावां से पटना देवकली मंदिर तक मार्ग हुआ स्वच्छ, सफाई कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश
उसावां (बदायूँ)। सावन माह में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से आने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत उसावां की चेयरपर्सन प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने विशेष पहल की। उनके निर्देश पर नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मचारियों ने उसावां नगर से लेकर पटना देवकली मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।
चेयरपर्सन प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री पटना देवकली मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में उनका मार्ग स्वच्छ और सुरक्षित रखना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से मार्ग की सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत की इस पहल से कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए चेयरपर्सन के प्रयासों की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि स्वच्छ मार्ग और बेहतर व्यवस्थाओं से यात्रा अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो गई है।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि सावन माह के दौरान सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
























