सत्य रथ की खबर का असर: सनाथपट्टी-महदेपुर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य, सड़क-नाली निर्माण का दिया आश्वासन
“सड़क नहीं तो वोट नहीं” आंदोलन और सत्य रथ की खबर के बाद बढ़ी प्रशासनिक सक्रियता, ढाई महीने में कार्य शुरू कराने का भरोसा
भदोही। सुरियावां क्षेत्र के ग्राम सनाथपट्टी-महदेपुर में वर्षों से बदहाल सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और सत्य रथ न्यूज़ पोर्टल पर प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। खबर प्रकाशित होने के बाद जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ी और बुधवार को जिला पंचायत वार्ड संख्या-8 के सदस्य चंद्रभूषण त्रिपाठी उर्फ पप्पू त्रिपाठी स्वयं गांव पहुंचकर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बताया कि उन्हें सोशल मीडिया और सत्य रथ पर प्रकाशित समाचार के माध्यम से गांव की समस्या की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर लगभग ढाई महीने के भीतर सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शुरू कराने और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि गांव के ग्रामीण लंबे समय से “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे थे। युवा समाजसेवी दिनेश यादव ‘दादा’ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से लेकर विधायक, सांसद और प्रशासन तक कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। ग्रामीणों का आरोप था कि आईजीआरएस पर शिकायत के बावजूद बिना स्थलीय निरीक्षण के रिपोर्ट लगा दी गई थी।
दिनेश यादव ने कहा कि आज तक कोई जनप्रतिनिधि गांव की समस्या सुनने नहीं आया था, लेकिन सत्य रथ पर खबर प्रकाशित होने के बाद जिला पंचायत सदस्य गांव पहुंचे और समस्या को गंभीरता से लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. लाल साहब बिंद, कृष्णा यादव, विश्वनाथ यादव, मोनू यादव, लालू पाल, पत्तेलाल यादव, धर्मराज यादव, लपई यादव, राजेश यादव, छोटे लाल यादव, अनुराग बिंद, पंधारी यादव, सभाजीत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर जिला पंचायत सदस्य का स्वागत किया। पप्पू त्रिपाठी ने कहा कि जनप्रतिनिधि पूरे क्षेत्र का होता है और वह गांव की सड़क एवं नाली निर्माण की समस्या का समाधान तय समय सीमा में कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
























