भदोही।आईजीआरएस रिपोर्ट पर उठे सवाल: भदोही PWD पर फर्जी रिपोर्ट और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

आईजीआरएस रिपोर्ट पर उठे सवाल: भदोही PWD पर फर्जी रिपोर्ट और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

समाजसेवी दिनेश यादव ‘दादा’ का दावा—बिना निरीक्षण सड़कों को बताया दुरुस्त, डीएम से उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

भदोही, शरद बिंद।

भदोही जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सुरियावां क्षेत्र के ग्राम सनाथपट्टी निवासी युवा समाजसेवी दिनेश यादव ‘दादा’ ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में फर्जी रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग ने बिना स्थलीय निरीक्षण किए ही कागजों में सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त दर्शा दिया, जबकि मौके पर सड़कें अब भी बदहाल स्थिति में हैं।

दिनेश यादव ने बताया कि उन्होंने पाली–सुरियावां मार्ग और सनाथपट्टी–महदेपुर मार्ग की जर्जर हालत को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इन दोनों सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत के जवाब में ज्ञानपुर स्थित PWD कार्यालय की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में दावा किया गया कि अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और सड़क निर्माण कार्य पूर्ण एवं संतोषजनक पाया गया है। लेकिन समाजसेवी का आरोप है कि न तो कोई इंजीनियर मौके पर पहुंचा और न ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य कराया गया। उनका कहना है कि केवल फोन पर बात कर औपचारिकता पूरी कर ली गई और शासन को भ्रामक रिपोर्ट भेज दी गई।

दिनेश यादव ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपनी लापरवाही छिपाने और शासन को गुमराह करने के लिए झूठी रिपोर्ट लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कागजों में विकास दिखाया जा रहा है, जबकि धरातल पर जनता टूटी सड़कों और गड्ढों के बीच जीवन बिताने को मजबूर है।

उन्होंने जिलाधिकारी भदोही से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *