निजामाबाद तहसील में अधिवक्ताओं को मिली बड़ी सौगात, ₹38.16 लाख की लागत से बनेगा वातानुकूलित मीटिंग हॉल
एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने किया शिलान्यास, छह माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील परिसर में मंगलवार को अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात मिली। विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत ₹38.16 लाख की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक वातानुकूलित अधिवक्ता मीटिंग हॉल का विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि यह जनपद आजमगढ़ का पहला आधुनिक वातानुकूलित अधिवक्ता मीटिंग हॉल होगा। इसमें अधिवक्ताओं के बैठने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि भवन में कुर्सियां, मेज, पंखे तथा चार एयर कंडीशनर (एसी) लगाए जाएंगे, जिससे अधिवक्ताओं को बेहतर वातावरण में कार्य करने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य मुख्यमंत्री की त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है और इसे लगभग छह माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में एमएलसी ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि जल्द ही अधिवक्ताओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह, बार एसोसिएशन निजामाबाद के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता तथा तहसील के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमएलसी विजय बहादुर पाठक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल का स्वागत किया।























