कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश
डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुसार रखने और सड़क से 12 फीट दूर भंडारे लगाने के निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा
बदायूँ/उसावां। आगामी श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को उसावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह ने की। बैठक में क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेषनाथ सिंह, उप जिलाधिकारी कलान (शाहजहांपुर)आशुतोष प्रताप सिंह , थानाध्यक्ष उसावां राजेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक कलान शिवदीन वर्मा, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, कांवड़ समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसे सभी लोगों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन ने कांवड़ यात्रा में निकलने वाले डीजे की अधिकतम ऊंचाई निर्धारित की है, इसलिए सभी समितियां निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का उपयोग करें।
उन्होंने सड़क किनारे लगाए जाने वाले भंडारों के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि सभी भंडारे मुख्य सड़क से लगभग 12 फीट दूर तथा सड़क के बाईं ओर लगाए जाएं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं विद्युत सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कांवड़ समितियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
बैठक में राजीव दुबे उर्फ नन्हेंलला, भावेश प्रताप सिंह, ओम प्रताप सिंह,चेयरमैन प्रतिनिधि अरुल प्रताप सिंह, धीरेन्द्रपाल गुप्ता, अतुल बजरंगी, रितिक हिन्दू सहित कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, डीजे संचालक तथा बड़ी संख्या में कांवड़ समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

