बाजरा की बुवाई के दौरान रोटावेटर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
ट्रैक्टर से गिरते ही रोटावेटर की चपेट में आया 20 वर्षीय अक्षय, मौके पर ही तोड़ा दम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उसावां (बदायूँ)। उसावां थाना क्षेत्र के गांव साड़ी में रविवार दोपहर खेत में बाजरा की बुवाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की रोटावेटर में फंसकर मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अक्षय पुत्र ओम सिंह रविवार दोपहर करीब एक बजे गांव के ही रमेश के ट्रैक्टर पर बैठकर मेवाराम के खेत में बाजरा की बुवाई कराने गया था। बुवाई के दौरान अचानक वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि रमेश का भतीजा हिमांशु किराए पर ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई व बुवाई करने आया था। ट्रैक्टर पर अक्षय समेत गांव के चार युवक बैठे थे। खेत मालिक मेवाराम के अनुसार, सभी युवक बारी-बारी से ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे। हादसे के समय ट्रैक्टर हिमांशु चला रहा था, तभी अक्षय असंतुलित होकर नीचे गिर गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतक अक्षय अपने छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वह अपने पिता ओम सिंह के साथ खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही उसावां थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतक के पिता से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
























