आजमगढ़।दिवंगत शिक्षामित्रों को दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री के नाम भेजा छह सूत्रीय मांगपत्र

 दिवंगत शिक्षामित्रों को दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री के नाम भेजा छह सूत्रीय मांगपत्र

26 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षामित्रों को विभागीय टीईटी में शामिल करने सहित कई मांगें उठाईं

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के बैनर तले शनिवार को 25 जुलाई 2017 के बाद दिवंगत हुए शिक्षामित्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शिक्षामित्रों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष देवसी प्रसाद यादव ने कहा कि शिक्षामित्र वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें कई मूलभूत अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सहायक अध्यापक पद पर हुआ समायोजन निरस्त होने के बाद अनेक शिक्षामित्र मानसिक तनाव से गुजरने लगे, जिनमें कई साथियों का असामयिक निधन हो गया। उन्होंने सरकार से दिवंगत शिक्षामित्रों के परिवारों को न्याय एवं उचित सहायता प्रदान करने की मांग की।

प्रांतीय संगठन मंत्री कृष्ण मोहन उपाध्याय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षामित्रों ने 12 माह का नियमित मानदेय, सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने, 26 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षामित्रों को विभागीय टीईटी में शामिल करने, टीईटी उत्तीर्ण लगभग 50 हजार शिक्षामित्रों को लिखित परीक्षा से मुक्त कर सहायक अध्यापक पद पर समायोजित करने तथा दिवंगत शिक्षामित्रों के आश्रितों को उचित मुआवजा एवं सरकारी नौकरी देने सहित छह प्रमुख मांगें रखीं।

श्रद्धांजलि सभा में मंडल अध्यक्ष अनिल यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीता सिंह, रंजू सिंह, संगीता, पूनम लता, अशोक यादव, राजेश सिंह, राजकुमार, राजेंद्र प्रसाद, हरिकेश यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *