बेटी है तो भविष्य है: पीएचसी चिलकहर में महिला कल्याण विभाग की पहल से नवजात बालिकाओं का भव्य स्वागत, बेबी किट व स्वास्थ्य जानकारी वितरित
संजीव सिंह बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद के निर्देश पर तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग की पहल हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वीमेन (HEW) के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलकहर में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात बालिकाओं का स्वागत कर उन्हें और उनके परिवारों को सम्मान व आवश्यक सहायता प्रदान करना था।
कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं व उनकी माताओं का सम्मान किया गया और उन्हें बेबी किट, नवजात शिशु के कपड़े, डायपर, मच्छरदानी, मिष्ठान एवं जलपान वितरित किया गया। साथ ही उपस्थित परिवारों को बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गयी ताकि वे उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार, बीसीपीएम मिथलेश कुमार, बीपीएम रिंकू सिंह, डीएमसी अंजली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह, पूनम राजभर, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा और सुमेश कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने नवजात बालिकाओं व उनके परिजनों को शुभकामनाएँ दीं और बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा व सशक्तिकरण पर जोर दिया।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह पहल समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, लिंग समानता को बढ़ावा देने और “बेटी है तो भविष्य है” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
























