बदायूँ।कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को शहीद स्मारक वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को शहीद स्मारक वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

बदायूँ। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 9:00 बजे जिलाधिकारी कार्यालय स्थित शहीद स्मारक वाटिका में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप सिंह (अवकाशप्राप्त) ने बताया कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। वर्ष 1999 में ऑपरेशन विजय के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को परास्त कर कारगिल की बर्फीली चोटियों पर तिरंगा फहराकर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीद सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा माल्यार्पण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला सैनिक कल्याण विभाग ने जनपद के सभी पूर्व सैनिकों, सैनिक परिवारों एवं उनके आश्रितों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

बुधवार को बदायूँ आएंगी राज्य महिला आयोग की सदस्या अवनी सिंह

महिला जनसुनवाई के साथ वजीरगंज में जागरूकता चौपाल का होगा आयोजन

बदायूँ, 21 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अवनी सिंह 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को बदायूँ के दौरे पर रहेंगी। यह जानकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ने दी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10:00 बजे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें महिलाओं की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद अपराह्न 1:00 बजे विकासखंड वजीरगंज में जागरूकता चौपाल का आयोजन होगा। चौपाल में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का विभिन्न योजनाओं में यथासंभव पंजीकरण भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *