22 जुलाई को बदायूं आएंगी राज्य महिला आयोग की सदस्या अवनी सिंह, महिला जनसुनवाई और जागरूकता चौपाल आयोजित
बदायूं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या अवनी सिंह 22 जुलाई 2026 को बदायूं जनपद के दौरे पर रहेंगी।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रातः 10:00 बजे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इसके बाद अपराह्न 1:00 बजे विकासखंड वजीरगंज में जागरूकता चौपाल का आयोजन होगा। चौपाल में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं से संबंधित साहित्य वितरित किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों का यथासंभव विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण भी कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं तथा अधिक से अधिक महिलाओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
























