बोलेरो से कुचलकर युवक की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार; पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
संजीव सिंह बलिया। नगरा थाना क्षेत्र में बोलेरो से युवक की हत्या के मुख्य आरोपित सौरभ उपाध्याय को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तीन अन्य फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, ताखा चौकी प्रभारी उदयप्रताप सिंह अपनी टीम के साथ संदिग्धों की तलाश और चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान तुर्तीपार नहर मार्ग स्थित असनवार पुलिया के पास पुलिस की संदिग्धों से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में सौरभ पर गोली चली और उसे पकड़कर मोबाइल थाना पर लाया गया। घायल की स्थिति को देखते हुए मौके पर प्राथमिक उपचार कराए गए और फिर उसे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामला पंडितपुरा (असनवार) निवासी विनोद उपाध्याय उर्फ़ चिल्लर की बोलेरो से कुचलकर हत्या का है। पुलिस ने बताया कि सौरभ उपाध्याय घटना का मुख्य आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने कहा है कि मामले में शामिल बाकी तीन आरोपितों की भी खोज जारी है और उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
पुलिस ने आगे कहा कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद अगली जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
























