स्टेट बैंक व सरकार के MOU के तहत बलिया:शिक्षक,शिक्षामित्र,अनुदेशक व शिक्षा कर्मचारियों के खातों के लिए विकासखण्ड स्तर पर शिविर, बीएसए ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों को सहयोग का निर्देश
संजीव सिंह बलिया ।उत्तर प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के बीच हुए समझौते (MOU) के अंतर्गत जिले के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं शिक्षा विभाग में कार्यरत अन्य सभी स्थाई और अस्थाई वेतन/मानदेय प्राप्त कर्मचारियों के वेतन पैकेज खाते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नजदीकी शाखाओं में खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य शाखा प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बलिया की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह को पत्र लिखकर इस पहल की जानकारी दी गई है।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने उक्त पत्र का हवाला देते हुए समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि बैंक द्वारा खोले जाने वाले पैकेज्ड खाता संबंधी सुविधाओं की जानकारी देने तथा तुरंत खाते खुलवाने के लिए विकासखण्ड स्तर पर शिविर आयोजित किये जाने का अनुरोध किया गया है। बीएसए ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि वे इस प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करें और प्रत्येक विकासखण्ड में लगने वाले शिविर की तिथि, समय व स्थान निर्धारित कर इसकी सूचना मोबाइल नंबर 9044700000 पर उपलब्ध कराएं।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि बैंक मुख्य शाखा खाँ की ओर से शिविरों से संबंधित बैंकिंग सुविधाओं, दस्तावेज़ों और खाते खोलने की शर्तों की समुचित जानकारी दी जाएगी ताकि शिक्षकों और कर्मचारियों को खाते खोलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बीएसए ने खण्डों से सतर्कता बरतते हुए वरिष्ठ शिक्षण व प्रशासनिक कर्मचारियों की सूचना त्वरित रूप से प्रदान करने का निर्देश दिया है।
प्रशासनिक स्रोतों के अनुसार, इन पैकेज्ड खातों के माध्यम से वेतन भुगतान की प्रक्रिया और भी सुगम व पारदर्शी होगी। शिक्षकों तथा अन्य वेतनभोगियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे आवश्यक पहचान-पत्र, निवास प्रमाण और बैंक द्वारा मांगे गए अन्य दस्तावेजों के साथ समय पर निर्धारित शिविर में उपस्थित रहें।
























