25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही और आरोपी दोनों घायल
बदायूं। थाना इस्लामनगर पुलिस ने डकैती के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी रुदायन में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में थाना इस्लामनगर पुलिस बिल्सी–इस्लामनगर मार्ग पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना डकैती के मामले में वांछित इनामी बदमाश तस्लीम से हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें आरक्षी आस मोहम्मद के दाहिने हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, डकैती से संबंधित 11,220 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी 16/17 मई 2026 की रात थाना इस्लामनगर क्षेत्र के ग्राम सुंदरनगर में हुई डकैती की घटना में वांछित था। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर लोहे का बक्सा, नकदी और जेवरात लूटने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि लूट के सामान को साथियों के बीच बांट लिया गया था और उसके हिस्से में आए जेवर बेचकर कुछ रकम खर्च कर दी थी। बची हुई नकदी लेकर वह अपने वकील से मिलने और न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में हत्या, डकैती, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना के संबंध में थाना इस्लामनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
























