श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर बिसौली में पीस कमेटी की बैठक, एएसपी ग्रामीण ने की सहयोग की अपील
धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों के साथ कानून व्यवस्था व सौहार्द बनाए रखने पर हुई चर्चा
बदायूँ।आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बिसौली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एएसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने सभी से कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करने का आग्रह किया। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक बिसौली कमलेश कुमार मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























