बदायूँ पुलिस की कार्रवाई तेज: कादरचौक से वारंटी गिरफ्तार, उघैती में तीन पर शांति भंग की कार्रवाई
एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश
बदायूँ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देश पर जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को कादरचौक और उघैती पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना कादरचौक पुलिस ने वर्ष 2021 के आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित वारंटी सौदान पुत्र बाबूराम, निवासी ग्राम सकरी, थाना कादरचौक को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत न्यायालय से वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं थाना उघैती पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए ग्राम राजपुर निवासी कृष्ण पुत्र मोहनलाल, हरिकिशन पुत्र मोहनलाल तथा ओमवीर पुत्र परशुराम को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय से जारी वारंटों के त्वरित अनुपालन के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
























