बदायूँ।आषाढ़ अमावस्या स्नान व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने लिया जायजा

आषाढ़ अमावस्या स्नान व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने लिया जायजा

कछला गंगा घाट व कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए कड़े निर्देश

बदायूँ। आगामी आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मंडलायुक्त बरेली भूपेन्द्र एस. चौधरी तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग स्थलों, कंट्रोल रूम, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, रूट डायवर्जन, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का प्रयोग शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी कर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व एवं कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *