बलिया।मजार के पास पेड़ से लटका मिला बुर्का पहने युवती का शव, क्षेत्र में सनसनी

मजार के पास पेड़ से लटका मिला बुर्का पहने युवती का शव, क्षेत्र में सनसनी

24 वर्षीय रेहाना की हुई पहचान, घटनास्थल से मोबाइल व चप्पल बरामद; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

बलिया/नगरा। नगर पंचायत नगरा के मलप मोड़ स्थित सैय्यद बाबा की मजार के पास सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय युवती का शव पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतका की पहचान नगरा कस्बे के भीटकुना मोड़ निवासी रेहाना (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह अविवाहित थी। प्रारंभिक जांच में शव घुटनों के बल जमीन से टिका हुआ मिला, जिसके चलते पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक जोड़ी चप्पल तथा शव के पास एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *