समाजवादी पार्टी ने बलिया के पूर्व अध्यक्ष हरे राम चौधरी के निधन पर जताया गहरा शोक
नेताजी को लोकतंत्र सेनानी और सभी वर्गों के प्रिय जननेता बताया गया; पार्टी नेताओं ने संवेदना व्यक्त की
संजीव सिंह बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष व लोकतंत्र सेनानी स्व. हरे राम चौधरी के निधन पर समाजवादी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी ने इसे जनपद की सामाजिक व राजनीतिक क्षति बताया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने शोक संदेश में कहा कि उनका संबंध विद्यार्थी जीवन से था और आपातकाल के दौरान दोनों साथ जेल में रहे। वे लिखते हैं कि भले ही राजनीतिक विचार अलग रहे, पारिवारिक व आत्मीय संबंध सदा घनिष्ठ रहे। उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोकाकुल परिजन को धैर्य की कामना की।
बलिया लोकसभा सांसद सनातन पाण्डेय ने हरे राम चौधरी को कुशल राजनीतिज्ञ, सरल स्वभाव और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला जननेता बताया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और रिश्तों को निभाने की उनकी शैली याद रहेगी।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने बताया कि उनके परिवार का स्व. चौधरी से पीढ़ियों पुराना नाता था। बचपन से निकटता होने के कारण उनके स्नेह व व्यवहार को वे भलीभाँति जानते थे। पूर्व अध्यक्ष यशपाल सिंह ने कहा कि स्व. चौधरी शतप्रतिशत राजनीति व्यक्तित्व थे और समाज के सभी वर्गों में वे प्रिय थे।
शोक व्यक्त करने वालों में डॉ. विश्राम यादव, बीरबल राम, मदन राय, जितेंद्र यादव, शैलेश सिंह तथा समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
























