प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला सकुशल संपन्न।
शरद बिंद
दुर्गागंज/भदोही। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा सामान्य बीमारियों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. आशीष चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे कुल 15 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों की आवश्यक जांच के बाद उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया। मरीजों को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय से अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की सलाह भी दी गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभंकर श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने लोगों से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर इंद्र भूषण पांडे, सुनीता यादव, स्वामी यादव, आजाद विश्वकर्मा, चंद्रशेखर, श्यामा देवी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
























