सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा—“12 वर्षों में वादे मिले, विकास नहीं, 30 अगस्त तक न पूरी हुई परियोजनाओं पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
संजीव सिंह बलिया। सांसद सनातन पाण्डेय ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 सालों में केंद्र और 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता को केवल वादे ही दिए; वास्तविक विकास नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने, प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने, “हवाई चप्पल” पहनने वाले को हवाई यात्रा कराना और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे कई वादे किए, किन्तु कोई वादा पूरा नहीं हुआ। सनातन पाण्डेय ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही और देश की बागडोर कमजोर हाथों में है।
सांसद ने यह भी कहा कि विदेशों से काला धन वापस लाने का वादा अधूरा रहा और नोटबंदी के बाद आम जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2014 के बाद किसानों की आत्महत्याओं में वृद्धि हुई, पर सरकार संवेदनहीन बनी रही।
सनातन पाण्डेय ने कहा, “आज देश को केवल चार लोग चला रहे हैं — दो लोग देश की संपत्तियां बेच रहे हैं और दो लोग उन्हें खरीद रहे हैं।” उन्होंने नाम लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री पर बेचने का और अडानी-अंबानी पर खरीदने का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शासनकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सांसद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में विकास की मजबूत नींव रखी थी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार नौ वर्षों में उस स्तर का कोई नया कार्य नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के नाम बदल सकती है, लेकिन समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की बराबरी नहीं कर सकती।
सांसद ने आगे घोषणा की कि यदि 30 अगस्त 2026 तक वर्तमान सरकार द्वारा घोषित परियोजनाएं पूरी नहीं होती हैं, तो समाजवादी पार्टी प्रत्येक अधूरी परियोजना स्थल पर क्रमवार एक-एक दिन का धरना-प्रदर्शन करेगी।
प्रेस वार्ता के प्रारंभ में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने सांसद सनातन पाण्डेय तथा उपस्थित सभी पत्रकारों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनेंद्र मिश्र “मशाल”, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, जिला महासचिव बीरबल राम, प्रदेश सचिव शशिकांत चतुर्वेदी सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























