कचहरी रोड स्थित फर्नीचर शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
जौनपुर। शहर के व्यस्ततम कचहरी रोड स्थित जोगियापुर मोहल्ले में शनिवार को एक फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों और मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
























