बदायूँ।गंगा स्नान पर बदायूं में 24 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन लागू, श्रद्धालुओं को रहेगी छूट

गंगा स्नान पर बदायूं में 24 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन लागू, श्रद्धालुओं को रहेगी छूट

बदायूं। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर 29 जून को कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए 24 घंटे का विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात 8 बजे से 29 जून की रात 8 बजे तक हल्के, मध्यम और भारी वाहनों का संचालन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा।

प्रशासन के मुताबिक, बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान की ओर जाने वाले ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम और अन्य वाहन उझानी बाईपास से मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर और बबराला होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहन नौशेरा तिराहा से कादरचौक और गंजडुंडवारा के रास्ते भेजे जाएंगे।

इसके अलावा मुजरिया चौराहा तथा सहसवान-कछला रोड से किसी भी वाहन को कछला होकर कासगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात व्यवस्था के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान-कछला रोड पर पुलिस व यातायात कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा स्नान के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा आमजन से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *