इस्लामनगर में पथराव मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल और टेंपो की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार डंडे भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी आलोक सिद्धू के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस ने शनिवार को मुकदमा से संबंधित नौ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मौ. राजू, बबलू, फारुख (पुत्र कल्लू कुरैशी), यावर, समशाद, इरशाद, फारुख (पुत्र हबीव), याकूब तथा अजीम कुरैशी शामिल हैं। सभी आरोपी मोहल्ला कुरैशियान, मछली बाजार, कस्बा एवं थाना इस्लामनगर के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं 7 सीएल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चार डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक इस्लामनगर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सनी चौधरी एवं उनकी पुलिस टीम ने संपन्न की।
























