आपदा प्रबंधन को लेकर सीएचसी दुर्गागंज में किया गया मॉक ड्रिल।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में शनिवार को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने किया, जबकि इसका मार्गदर्शन एसीएमओ डॉ. आर.बी. पाठक ने किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य अस्पताल परिसर में आग लगने जैसी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करना और उनकी तत्परता का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान सबसे पहले अस्पताल परिसर में कूड़े के ढेर में नियंत्रित रूप से आग लगाकर आपात स्थिति का अभ्यास कराया गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने तथा बचाव कार्य की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसी मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में अस्पताल के सभी कर्मचारियों को सतर्क एवं प्रशिक्षित रखना है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जनहानि और नुकसान को रोका जा सके। इस अवसर पर डॉ. आशीष चतुर्वेदी, डब्लू एच ओ मॉनिटर श्यामसुंदर सिंह, डॉ. पंचदेव, संजीव शुक्ला, अजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार बिंद, विजय कुमार तथा राधिका पाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
























